Virat Kohli And Vaibhav Sooryavanshi Video: आईपीएल 2026 के फाइनल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की ऐतिहासिक जीत के बाद एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। जिसमें युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी और इंडियन क्रिकेट टीम के दिग्गज विराट कोहली के बीच बातचीत होती दिखाई दी थी। हालांकि उस समय दोनों के बीच हुई बातचीत साफ तौर पर सुनाई नहीं दी थी, लेकिन अब आरसीबी की ओर से शेयर किए गए नए वीडियो ने इस मुलाकात की पूरी कहानी सामने ला दी है।
वीडियो में विराट कोहली युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी को महत्वपूर्ण सलाह देते नजर आए। बातचीत के अंत में कोहली ने मुस्कुराते हुए कहा, “एक बिहारी सब पर भारी”, जिसे सुनकर फैंस काफी एक्साइटेड हो गए।
Virat And Vaibhav Conversation: विराट ने दी सफलता संभालने की सीख

वीडियो में कोहली ने वैभव को जमीन से जुड़े रहने और अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि, “यहां से तुम्हें और आगे बढ़ना है। जो कुछ हासिल हुआ है, वह तुम्हारी मेहनत और आत्मविश्वास की वजह से मिला है। अब लोग क्या कह रहे हैं, कैसी बातें कर रहे हैं, उस पर ध्यान मत दो। सिर्फ अपने बल्ले और अपने खेल पर फोकस रखो। एक बिहारी सब पर भारी… फिर गेम खत्म।” कोहली की यह सलाह सोशल मीडिया पर खूब पसंद की जा रही है और क्रिकेट फैंस इसे एक सीनियर खिलाड़ी द्वारा युवा प्रतिभा को दिया गया मोटिवेशनल मैसेज मान रहे हैं।
Vaibhav Sooryavanshi IPL Season: वैभव सूर्यवंशी का शानदार आईपीएल सीजन

आईपीएल 2026 में अगर वैभव सूर्यवंशी की बात करें तो उनके लिए ये बेहद यादगार रहा। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी करते हुए सबसे ज्यादा रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की। वैभव ने 16 मैचों की 16 पारियों में 48.50 की औसत और 237.31 के विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक भी लगाए।
Vaibhav Sooryavanshi Record: छक्कों की बारिश, टूटा क्रिस गेल का रिकॉर्ड

वैभव ने इस सीजन में कुल 72 छक्के जड़े, जो आईपीएल इतिहास में एक सीजन में किसी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। इसके साथ ही उन्होंने क्रिस गेल का पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इससे पहले गेल ने 2012 के आईपीएल सीजन में 59 छक्के लगाए थे। वैभव के शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘सुपर सिक्सर’ अवॉर्ड से भी सम्मानित किया गया।
Virat Kohli And Vaibhav Sooryavanshi Video: कई बड़े अवॉर्ड किए अपने नाम

इसके बाद शानदार बल्लेबाजी के दम पर वैभव ने सिर्फ ऑरेंज कैप ही नहीं जीती, बल्कि उन्हें ‘सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन’ का अवॉर्ड भी मिला। इस अचीवमेंट के लिए उन्हें इनाम के तौर पर टाटा सिएरा कार दी गई। इसके अलावा युवा बल्लेबाज को ‘इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द सीजन’ और ‘मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर ऑफ द सीजन’ जैसे वेल्युएबल अवॉर्ड से भी नवाजा गया। कम उम्र में हासिल की गई इन अचीवमेंट्स ने वैभव सूर्यवंशी को भारतीय क्रिकेट के सबसे चमकते सितारों में शामिल कर दिया है। वहीं विराट कोहली की सलाह उनके करियर के अगले पड़ाव में काफी अहम साबित हो सकती है।






