Ravichandran Ashwin On Shreyas Iyer: BCCI ने आयरलैंड और इंग्लैंड के अपकमिंग टी20 दौरों के साथ-साथ एशियन गेम्स के लिए भी भारतीय टीम की घोषणा कर दी है। लेकिन इसी बीच सबसे बड़ा फैसला टी20 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर करने का रहा। उन्हें न सिर्फ कप्तानी से हटाया गया, बल्कि पूरी टीम में भी जगह नहीं दी गई। इसके बाद क्रिकेट जगत में नई बहस शुरू हो गई है। कुछ लोग इस फैसले को सही मान रहे हैं, जबकि कई पूर्व खिलाड़ी और फैंस सवाल उठा रहे हैं कि जिस कप्तान ने हाल ही में भारत को विश्व कप जिताया हो, उसे इतनी जल्दी कैसे बाहर किया जा सकता है।
Ravichandran Ashwin News: सूर्यकुमार यादव पर क्या है रविचंद्रन अश्विन की राय?
भारत ने इसी साल सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टी20 विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था। इसके बाद टीम को आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज और फिर इंग्लैंड दौरे पर पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलनी है। हालांकि पिछले कुछ समय से सूर्या का पर्सनल प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। इसके बावजूद पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना है कि उन्हें खुद को साबित करने का एक और मौका मिलना चाहिए था।
ESPN Cricinfo से बातचीत के दौरान अश्विन ने कहा कि “खुद को सूर्यकुमार यादव की जगह रखकर देखूं तो बेशक 15 या 18 महीनों से मेरी फॉर्म अच्छी नहीं चल रही, लेकिन बतौर कप्तान मैंने देश के लिए अभी टी20 वर्ल्ड कप जीता है. बतौर कप्तान तो उनका प्रदर्शन अच्छा रहा है, उन्होंने अपनी भूमिका बखूबी निभाई.”
Suryakumar Yadav News: इंग्लैंड दौरे पर मिलना चाहिए था अंतिम अवसर
आपको बता दें कि टी20 वर्ल्ड कप के बाद आईपीएल 2026 में भी सूर्यकुमार यादव का बल्ला कुछ खास नहीं चला। मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए उन्होंने 147.54 की स्ट्राइक रेट से 270 रन बनाए। बावजूद इसके, अश्विन का मानना है कि सेलेक्टर्स को उन्हें इंग्लैंड दौरे तक मौका देना चाहिए था। उनका कहना है कि सूर्या से साफ तौर पर कहा जा सकता था कि अगर वह इस सीरीज में भी प्रदर्शन नहीं करते हैं, तब आगे के लिए दूसरे ऑप्शन्स पर विचार किया जाएगा।
Ravichandran Ashwin On Shreyas Iyer:श्रेयस अय्यर की कप्तानी पर भी उठे सवाल
BCCI ने सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को नया कप्तान चुना है। अश्विन का मानना है कि अय्यर के पक्ष में सबसे बड़ा तर्क उनका कप्तानी रिकॉर्ड है। उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब दिलाया और बाद में पंजाब किंग्स को भी फाइनल तक पहुंचाया। हालांकि अश्विन इस बात से भी हैरान हैं कि जिस खिलाड़ी को हाल ही में टी20 विश्व कप की टीम में जगह नहीं मिली थी, उसे सीधे नेशनल टीम का कप्तान बना दिया गया। उन्होंने कहा कि जब अय्यर को विश्व कप टीम में नहीं चुना गया था, तब भी इस फैसले पर सवाल उठे थे। लेकिन अब उन्हें सीधे कप्तानी सौंपना भी कई खिलाड़ियों के मन में सवाल पैदा कर सकता है।
अश्विन के मुताबिक, टीम के बाकी खिलाड़ी यह सोच सकते हैं कि उन्होंने ऐसा क्या काम किया, जिसके कारण कप्तानी के लिए उन्हें नहीं चुना गया। उनका मानना है कि कप्तान के सेलेक्शन की प्रक्रिया में निरंतरता और स्पष्टता होना बेहद जरूरी है, ताकि खिलाड़ियों के बीच सही मैसेज जाए।
