Kuldeep Yadav On Upcoming Test: इंडियन क्रिकेट टीम के एक्सपीरिएंस्ड बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव का मानना है कि किसी भी टीम में सीनियर खिलाड़ियों की जिम्मेदारी सिर्फ प्रदर्शन करने तक सीमित नहीं होती, बल्कि नए खिलाड़ियों को सहज महसूस कराना भी उनकी बड़ी जिम्मेदारी होती है। हालांकि, वह खुद को ट्रेडिशनल गाइड के रूप में नहीं देखते, बल्कि युवा खिलाड़ियों के साथी और सहयोगी बनना पसंद करते हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ शनिवार से शुरू होने वाले एक लौते टेस्ट मैच से पहले कुलदीप युवा स्पिनरों मानव सुथार और हर्ष दुबे की मदद करने में जुटे हैं। उनका कहना है कि जब कोई नया खिलाड़ी टीम में शामिल होता है, तो सबसे जरूरी बात यह होती है कि वह खुद को टीम का हिस्सा महसूस करे और किसी भी प्रॉब्लम या सवाल के लिए सीनियर खिलाड़ियों से खुलकर बात कर सके।
Kuldeep Yadav Statement: युवा खिलाड़ियों को लेकर कुलदीप ने क्या कहा?
एक मीडिया हाउस को दिए गए इंटरव्यू में कुलदीप ने कहा कि टीम के अंदर हाल ही में शामिल हुए युवा खिलाड़ियों के साथ समय बिताना उन्हें अच्छा लग रहा है। उन्होंने बताया कि नए खिलाड़ियों को समझने और उनकी सोच जानने के लिए वह उनसे पिच, मौसम और मैच की सिचुएशन को लेकर चर्चा करते हैं।
कुलदीप के मुताबिक, उनकी बातचीत मुख्य रूप से प्लानिंग, गेंदबाजी की लंबाई, अलग-अलग पिचों पर गेंद की गति और टेस्ट क्रिकेट में धैर्य बनाए रखने जैसे विषयों पर केंद्रित रहती है। उन्होंने कहा कि टेस्ट क्रिकेट में सफलता के लिए धैर्य सबसे महत्वपूर्ण गुणों में से एक है।
Kuldeep Yadav News: कुलदीप निभाएंगे नई ज़िम्मेदारी
भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में कुल 365 विकेट ले चुके कुलदीप इस मैच में एक नई जिम्मेदारी निभाते नजर आ सकते हैं। अगर वो अफगानिस्तान के खिलाफ खेलते हैं, तो ये उनके करियर का पहला टेस्ट होगा जिसमें न तो रविचंद्रन अश्विन उनके साथ होंगे और न ही रवींद्र जडेजा। अश्विन इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं, जबकि जडेजा को इस सीरिज़ के लिए आराम दिया गया है।
कुलदीप यादव ने एक्सेप्ट किया कि जडेजा और अक्षर पटेल जैसे अनुभवी स्पिनरों की कमी महसूस होगी, लेकिन उन्हें विश्वास है कि युवा खिलाड़ी इस मौके का पूरा फायदा उठाएंगे। उन्होंने कहा कि टीम की तैयारियां अच्छी चल रही हैं और युवा खिलाड़ियों में टेलेंट की कोई कमी नहीं है।
Kuldeep Yadav On Upcoming Test: हर्ष दुबे और मानव सुथार पर है कुलदीप को भरोसा
उन्होंने बताया कि हर्ष दुबे और मानव सुथार इंडिया ए टीम के लिए खेल चुके हैं और रणजी ट्रॉफी, दलीप ट्रॉफी और ईरानी ट्रॉफी जैसे घरेलू टूर्नामेंटों में वो नियमित रूप से हिस्सा लेते रहे हैं। भले ही उन्हें इंटरनेशनल क्रिकेट का ज्यादा अनुभव न हो, लेकिन लाल गेंद के क्रिकेट की उनकी समझ और तैयारी काफी मजबूत है। कुलदीप का मानना है कि घरेलू क्रिकेट में लगातार खेलने की वजह से ये युवा खिलाड़ी टेस्ट क्रिकेट की चुनौतियों के लिए अच्छी तरह तैयार हैं और उन्हें इंटरनेशनल लेवल पर खुद को साबित करने का बेहतरीन मौका मिलेगा।
