नजरें युवराज, हरभजन और गंभीर पर

By Team Desk

Published on:

कोलकाता : आईपीएल नीलामी से पहले कल यहां होने वाले सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी टी 20 टूर्नामेंट के सुपर लीग चरण में जब दस टीमें दो ग्रुप में टकरायेंगी तो सभी की नजरें युवराज सिंह, गौतम गंभीर और हरभजन सिंह जैसे धुरंधरों पर होंगी। विश्व कप विजेता चौकड़ी गंभीर, युवराज, हरभजन और सुरेश रैना काफी समय से भारतीय टीम से बाहर हैं। गंभीर दिल्ली के अभ्यास सत्र के दौरान नजर नहीं आये। टीम मैनेजर ने बताया कि वह आज रात टीम से जुड़ेंगे।

रैना आईपीएल के आगामी सत्र में चेन्नई सुपर किंग्स में वापसी करेंगे। वहीं गंभीर, युवराज और हरभजन नीलामी का हिस्सा होंगे। आईपीएल के लिये खिलाड़ियों की नीलामी 27 और 28 जनवरी को होगी। हरभजन 2008 से मुंबई इंडियंस का हिस्सा थे जिन्हें इस बार रिलीज कर दिया गया है । वह मुश्ताक ट्राफी में ग्रुप ए में पंजाब की अगुवाई करेंगे।

वहीं गंभीर को कोलकाता नाइट राइडर्स ने रिलीज किया है। सुपर लीग चरण में टीमों को दो समूहों में बांटा गया है और शीर्ष दो टीमें 27 जनवरी को फाइनल खेलेगी। पंजाब की टीम दक्षिण क्षेत्र की शीर्ष टीम कर्नाटक से खेलेगी जबकि झारखंड का सामना मुंबई से होगा।

अधिक जानकारियों के लिए बने रहिये पंजाब केसरी के साथ।

Exit mobile version