Shubhman Gill Century: लखनऊ में खेले जा रहे भारत और अफगानिस्तान के बीच दूसरे वनडे मुकाबले में भारतीय बल्लेबाजों ने शानदार प्रदर्शन किया है। कप्तान शुभमन गिल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए शतक जड़ा, जबकि उनके बाद ईशान किशन ने भी शानदार सेंचुरी लगाकर टीम को मजबूत सिचुएशन में पहुंचाया।
Shubhman Gill Century: गिल का कप्तान के तौर पर पहला वनडे शतक
अफगानिस्तान ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। हालांकि भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और दूसरे ही ओवर में यशस्वी जायसवाल 4 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल ने मोर्चा संभाला और रोहित शर्मा के साथ मिलकर पारी को आगे बढ़ाया। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए 87 रन जोड़े। हालांकि रोहित शर्मा अपने अर्धशतक से चूक गए और 48 रन बनाकर राशिद खान की गेंद पर बोल्ड हो गए। रोहित ने 39 गेंदों की अपनी पारी में 6 चौके और 2 छक्के लगाए।
रोहित के आउट होने के बाद गिल ने जिम्मेदारी संभाली और आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने सिर्फ 77 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। यह उनके वनडे करियर का 9वां शतक और कप्तान के तौर पर पहला वनडे शतक था।
Ishaan Kishan Century: ईशान किशन ने भी खेली विस्फोटक पारी
गिल का साथ देने आए ईशान किशन ने भी शानदार बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। दोनों खिलाड़ियों ने तीसरे विकेट के लिए 224 रनों की बड़ी पार्टनिरशिप की और अफगानिस्तान के गेंदबाजों को पूरी तरह दबाव में डाल दिया। ईशान किशन ने तेज़तर्रार अंदाज में रन बटोरते हुए 79 गेंदों में 125 रन बनाए। उनकी पारी में 9 चौके और 7 शानदार छक्के शामिल रहे। वह 37वें ओवर में नंगेलिया खरोटे की गेंद पर कैच आउट हुए। आउट होने से पहले उसी ओवर की शुरुआती दो गेंदों पर उन्होंने लगातार दो चौके भी लगाए थे।
India Scorecard: वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटी टीम इंडिया

गौरतलब है कि अक्टूबर 2025 में रोहित शर्मा के कप्तानी छोड़ने के बाद शुभमन गिल को भारतीय वनडे टीम का नया कप्तान बनाया गया था, वह टेस्ट टीम की भी कमान संभाल रहे हैं। हालांकि भारत अगले साल होने वाले वनडे वर्ल्ड कप की तैयारियों में जुटा है और इसी वजह से गिल फिलहाल टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं।
अफगानिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले में गिल और ईशान की शतकीय पारियों ने भारतीय टीम के बल्लेबाजी क्रम की मजबूती को एक बार फिर साबित कर दिया है। इसी वजह से भारतीय टीम 400 का आंकड़ा पार कर के 402 रन बनाने में कामयाब रही है और इसी के साथ अफगानिस्तान को जीतने के लिए 403 रन का टारगेट मिला है।






