Rishabh Pant On LSG Loss: आईपीएल 2026 के 29वें मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को पंजाब किंग्स के हाथों 54 रनों की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। मुकाबले के बाद टीम के कप्तान ऋषभ पंत ने हार पर रिएक्शन देते हुए कहा कि किसी एक कारण को जिम्मेदार ठहराना आसान नहीं है। उन्होंने माना कि पंजाब किंग्स ने शानदार खेल दिखाया और जीत के हकदार वो थे।
Rishabh Pant On LSG Loss: चौथी हार पर ऋषभ पंत का क्या है कहना?
इस सीजन में मिली चौथी हार के बाद ऋषभ पंत ने कहा कि, “देखिए, हार के लिए कोई एक वजह बताना थोड़ा मुश्किल है, क्योंकि गेंदबाजों ने तो अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन साथ ही कुछ ऐसी बातें भी हैं जिन पर ध्यान देने की जरूरत है. हालांकि, हमारे लिए कुछ सकारात्मक बातें भी थीं, जिन पर हम काम कर सकते हैं. हमें बल्लेबाजी की कुछ झलक देखने को मिली, जिसके बारे में हमने बात की थी. हम निश्चित रूप से कुछ सकारात्मक बातें अपने साथ लेकर आगे बढ़ना चाहेंगे, लेकिन साथ ही एक टीम के तौर पर हम हर मैच में अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे.”
Rishabh Pant On LSG Loss: आयुष बदोनी को ओपनिंग में क्यों भेजा गया?
आयुष बदोनी को ओपनिंग में भेजने के फैसले पर पंत ने खुलासा करते हुए कहा कि “मुझे लगता है कि इसके पीछे बस यही सोच थी कि वह मैदान पर जाएं और बिना किसी दबाव के खुलकर खेलें. यह फैसला आज ही नहीं लिया गया था. यह पहले से ही तय था कि वह ओपनिंग करेंगे.
यह बस एक ऐसी बात थी जिसे हमने अपने तक ही सीमित रखा था. हम चाहते थे कि टॉप ऑर्डर को थोड़ी आजादी मिले और मिडिल ऑर्डर भी अपना योगदान दे. हमें इस टीम पर पूरा भरोसा है. हालांकि, साथ ही जब विरोधी टीम अच्छा खेल रही हो, जैसा कि अभी पंजाब किंग्स खेल रही है, तो आपको उन्हें भी श्रेय देना होगा कि वे कितना जोरदार और अच्छा क्रिकेट खेल रहे हैं.”
Rishabh Pant On LSG Loss: कैसा रहा पंजाब किंग्स का स्कोरकार्ड?
मैच की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पंजाब किंग्स ने 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 254 रन बनाए। प्रियांश आर्या ने 37 गेंदों में 93 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 9 छक्के शामिल थे। वहीं कूपर कोनोली ने भी 46 गेंदों में 87 रन बनाकर अहम योगदान दिया। इसके अलावा मार्कस स्टोइनिस ने 29 और शशांक सिंह ने 17 रन जोड़े। दूसरी ओर अगर बात करें लखनऊ की तो प्रिंस यादव ने LSG की ओर से 2 विकेट लिए, जबकि मोहम्मद शमी और मोहसिन खान को 1-1 सफलता मिली।
Rishabh Pant On LSG Loss: लखनऊ ने कैसा किया प्रदर्शन?
जवाब में 255 रनों के बड़े टारगेट का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 200 रन ही बना सकी। कप्तान ऋषभ पंत ने 23 गेंदों में 43 रन बनाए, जबकि एडन मार्करम ने 42 और मिचेल मार्श ने 40 रन की पारी खेली। हालांकि, कोई भी बल्लेबाज टीम को जीत के करीब नहीं पहुंचा सका। पंजाब किंग्स की ओर से गेंदबाजी में मार्को जानसेन ने 2 विकेट लिए, जबकि अर्शदीप सिंह, विजयकुमार वैशाक और युजवेंद्र चहल ने एक-एक विकेट हासिल किए। ऐसे में शानदार बल्लेबाजी और नपी तुली गेंदबाजी के दम पर पंजाब ने यह मुकाबला अपने नाम किया।
