Nepal vs Malaysia T20: भले ही टी20 इंटरनेशनल रैंकिंग में इंडियन टीम टॉप पोजिशन पर हो, लेकिन नेपाल क्रिकेट टीम भी इस फॉर्मेट में लगातार अपनी पहचान मजबूत कर रही है। टी20 वर्ल्ड कप क्वालीफायर मुकाबले में नेपाल ने मलेशिया के खिलाफ विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 275 रन का बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। वहीं खास बात तो ये रही कि टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में यह तीसरा मौका है जब नेपाल ने 270 से ज्यादा रन बनाए हैं।
Nepal Player Kushal Bhurtel: कुशल भुरतेल ने बनाया रिकॉर्ड
इस मुकाबले में सबसे बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले नेपाल के स्टार बल्लेबाज कुशल भुरतेल रहे। उन्होंने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 54 गेंदों में 126 रन ठोक दिए। अपनी इस यादगार पारी के दौरान उन्होंने कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। भुरतेल ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का तीसरा शतक लगाया और नेपाल के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए।
Kushal Bhurtel Performance: कुशल भुरतेल का कैसा रहा प्रदर्शन?
कुशल ने सिर्फ 44 गेंदों में अपना शतक पूरा किया, जो नेपाल की ओर से टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में तीसरा सबसे तेज शतक है। इससे पहले वो 35 गेंदों में भी सेंचुरी जड़ चुके हैं। अब उनके नाम 78 टी20 इंटरनेशनल मैचों में 2240 रन दर्ज हो चुके हैं। इस अचीवमेंट के साथ उन्होंने दीपेन्द्र सिंह ऐरी को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 98 मैचों में 2211 रन हैं।
Score Card Of Both Teams: किस टीम ने बनाए कितने रन?
नेपाल की पारी पूरी तरह आक्रामक रही, टीम ने 22 चौके और 22 छक्कों की मदद से 275 रन का बड़ा स्कोर बनाया। वहीं जवाब में मलेशिया की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में सिर्फ 108 रन ही बनाए और नेपाल ने मुकाबला 167 रन के बड़े मार्जिन से जीत लिया।
Nepal vs Malaysia T20: मलेशिया की टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ी हार
ये हार मलेशिया की टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार भी बन गई। मलेशिया की ओर से कप्तान सैयद अजीज ने सबसे ज्यादा 54 रन बनाए, लेकिन उनकी पारी टीम को हार से नहीं बचा सकी। नेपाल की इस शानदार जीत और कुशल भुरतेल की ऐतिहासिक पारी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि इंटरनेशनल टी20 क्रिकेट में नेपाल अब किसी भी टीम को चुनौती देने की अलग से क्षमता रखती है।
