Michael Clarke Car Accident: ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान और वर्ल्ड कप विजेता माइकल क्लार्क ने हाल ही में एक डरावने सड़क हादसे का खुलासा किया है। आईपीएल 2026 के फाइनल के बाद एयरपोर्ट जाते समय उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई थी। हादसा इतना भयानक था कि कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे जा फंसा। हालांकि किस्मत अच्छी होने से क्लार्क इस दुर्घटना में सुरक्षित बच निकले।
आईपीएल 2026 के दौरान क्लार्क कमेंट्री पैनल का हिस्सा थे और टूर्नामेंट खत्म होने के बाद वह एयरपोर्ट के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान रास्ते में उनके साथ ये दुर्घटना हुई। ‘Beyond 23 Cricket’ पॉडकास्ट में बातचीत के दौरान माइकल क्लार्क ने हादसे की पूरी कहानी बताई। उन्होंने बताया कि मैच खत्म होने के बाद वह कार में सो गए थे और अचानक एक जोरदार झटके के साथ उनकी आंख खुली।
Michael Clarke Driver Statement: ड्राइवर ने बताई कहानी
क्लार्क ने कहा कि, “ड्राइवर ने मुझे बताया कि ट्रक में ब्रेक लाइट काम नहीं कर रही थीं. इसलिए मेरे ड्राइवर ने ट्रक को हिट कर दिया. यह एक सेमी-ट्रेलर था और हमारी कार उसके नीचे चली गई थी. गाड़ी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी थी.” क्लार्क ने कहा कि जब उन्होंने आंखें खोलीं तो देखा कि उनकी कार का अगला हिस्सा ट्रक के नीचे फंसा हुआ था। उन्होंने भारत में मिले सहयोग और सुरक्षित घर लौट पाने के लिए भगवान और यहां के लोगों का आभार भी व्यक्त किया।
Michael Clarke Situation: हल्की चोटों के साथ बच निकले क्लार्क
इस भयानक हादसे के बावजूद माइकल क्लार्क को सिर्फ मामूली चोटें आईं। हालांकि उन्हें अपने ड्राइवर की सिचुएशन को लेकर ज्यादा चिंता थी। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ने बताया कि उन्हें डाउट था कि ड्राइवर के पैर में फ्रैक्चर हो गया था। दुर्घटना के बाद वह काफी घबराया हुआ था, क्योंकि गाड़ी उसकी पर्सनल प्रॉपर्टी नहीं थी और वह एक कंपनी के लिए काम करता था।
Michael Clarke Car Accident: BCCI और स्थानीय लोगों का जताया आभार
क्लार्क ने दुर्घटना के बाद मिली मदद के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) और स्थानीय लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि हादसे के बाद कई लोगों ने उनसे तबीयत के बार में पूछा और हर संभव सहायता प्रदान की। उनके मुताबिक सड़क दुर्घटनाएं कभी भी हो सकती हैं, लेकिन उनके लिए सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि वह गहरी नींद में थे और जागने पर खुद को एक ट्रक के नीचे फंसी कार में पाए। यह घटना खास तौर पर माइकल क्लार्क के लिए एक ऐसा एक्सपीरिएंस रहा होगा, जिसे वह लंबे समय तक नहीं भूल पाएंगे।
