Hardik Pandya Captaincy: Mumbai Indians के लिए आईपीएल 2026 का सफर बेहद निराशाजनक रहा है। रविवार को Royal Challengers Bengaluru के खिलाफ 2 विकेट से मिली हार के बाद मुंबई इंडियंस की टीम प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई। ऐसे में टीम के इस खराब प्रदर्शन के बाद कप्तान Hardik Pandya की कप्तानी पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। खास बात यह रही कि हार्दिक पिछले दो मैचों से टीम से बाहर थे, लेकिन उनकी गैरमौजूदगी में भी मुंबई कोई खास प्रदर्शन नहीं कर सकी।
अब चर्चा इस बात की हो रही है कि अगले सीजन हार्दिक पांड्या शायद मुंबई इंडियंस की कप्तानी करते नजर न आएं। अब इसके पीछे कई बड़े कारण बताए जा रहे हैं।
Hardik Pandya News: लगातार तीन सीजन बिना ट्रॉफी
मुंबई इंडियंस ने साल 2024 में हार्दिक पांड्या को Gujarat Titans से ट्रेड कर के टीम में शामिल किया था। इसके बाद रोहित शर्मा की जगह उन्हें कप्तान बनाया गया। टीम मैनेजमेंट को उम्मीद थी कि हार्दिक लंबे समय तक टीम का नेतृत्व करेंगे, लेकिन नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे। उनकी कप्तानी में मुंबई इंडियंस तीन सीजन में एक भी खिताब नहीं जीत सकी और सिर्फ एक बार प्लेऑफ तक पहुंच पाई। लगातार खराब नतीजों के चलते अब फ्रेंचाइजी कप्तानी में बदलाव पर विचार कर सकती है।
Hardik Pandya’s Fitness: फिटनेस बनी बड़ी परेशानी
हार्दिक पांड्या लंबे समय से फिटनेस समस्याओं से जूझते रहे हैं। यही वजह है कि वह टेस्ट क्रिकेट से दूर हैं और अब सीमित ओवरों के क्रिकेट में भी उनकी फिटनेस चिंता का विषय बनी हुई है। कमर दर्द और लगातार चोटों के कारण उनका वर्कलोड मैनेजमेंट हमेशा चर्चा में रहता है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिटनेस कारणों की वजह से ही उन्हें भारतीय टी20 टीम की कप्तानी भी नहीं मिली थी। अब यही स्थिति मुंबई इंडियंस में उनकी कप्तानी के लिए भी मुश्किल खड़ी कर सकती है।
Hardik Pandya Captaincy: कप्तानी और व्यक्तिगत प्रदर्शन दोनों पर सवाल
आईपीएल 2026 में हार्दिक पांड्या के फैसलों को भी काफी क्रिटीसाइज किया गया था। क्रिकेट एक्सपर्ट्स ने पूरे सीजन में उनकी फील्ड सेटिंग और गेंदबाजों के इस्तेमाल पर सवाल उठाए थे। कई मौकों पर उनकी प्लानिंग और फैसले टीम के खिलाफ जाते दिखे। इसके अलावा उनका व्यक्तिगत प्रदर्शन भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। हार्दिक ने इस सीजन 8 मैचों में सिर्फ 146 रन बनाए, जबकि गेंदबाजी में वह केवल 4 विकेट ही हासिल कर सके। ऐसे में कप्तानी के साथ-साथ उनका ऑलराउंड प्रदर्शन भी टीम के लिए चिंता का कारण बना हुआ है।
