T20 World Cup Points Table: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप स्टेज में मुकाबले जैसे-जैसे आगे बढ़ रहे हैं, पॉइंट्स टेबल की तस्वीर भी तेजी से बदल रही है। 12 फरवरी को खेले गए मैचों के बाद ग्रुप ए में बड़ा बदलाव देखने को मिला, जहां टीम इंडिया ने फिर से नंबर वन की कुर्सी पर कब्जा जमा लिया और पाकिस्तान को पीछे छोड़ दिया। अब भारत-पाकिस्तान महामुकाबले से पहले ही अंकतालिका की जंग और दिलचस्प हो गई है।
T20 World Cup Points Table: टॉप पर भारत
ग्रुप ए में भारत ने अपने दोनों मैच जीतकर 4 अंक हासिल किए हैं और बेहतर नेट रन रेट के दम पर टॉप पर पहुंच गया है। पाकिस्तान के भी 4 अंक हैं, लेकिन रन रेट में पिछड़ने की वजह से वह दूसरे स्थान पर खिसक गया है। नीदरलैंड एक जीत के साथ तीसरे नंबर पर है, जबकि यूएसए और नामीबिया अपने शुरुआती दोनों मुकाबले हारकर लगभग टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर हैं।
रोमांचक हुई सुपर 8 की रेस
सुपर 8 की रेस अब बेहद रोमांचक हो चुकी है। अब तक कुल 6 टीमें ऐसी हैं, जो अपने पहले दो मैच हार चुकी हैं और उनका आगे बढ़ना लगभग नामुमकिन नजर आ रहा है। ग्रुप ए से यूएसए और नामीबिया, ग्रुप बी से आयरलैंड और ओमान, ग्रुप सी से नेपाल और ग्रुप डी से अफगानिस्तान की टीम दो-दो हार झेल चुकी हैं। मौजूदा फॉर्मेट में दो हार के बाद वापसी की गुंजाइश बेहद कम मानी जा रही है।
ग्रुप बी में श्रीलंका शानदार फॉर्म में है और दो जीत के साथ टॉप पर काबिज है। ऑस्ट्रेलिया ने एक मैच जीतकर दूसरा स्थान संभाला हुआ है। जिम्बाब्वे तीसरे नंबर पर है, जबकि आयरलैंड और ओमान बिना जीत के निचले पायदान पर हैं।
ग्रुप सी की बात करें तो वेस्टइंडीज दो जीत के साथ शीर्ष पर है। स्कॉटलैंड और इटली एक-एक जीत के साथ दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं। इंग्लैंड को झटका लगा है और वह चौथे नंबर पर खिसक गया है, उसका नेट रन रेट भी कमजोर है। नेपाल दो हार के साथ लगभग बाहर हो चुका है।
ग्रुप डी में न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका दोनों ने अपने शुरुआती दो मुकाबले जीतकर 4-4 अंक जुटाए हैं, लेकिन बेहतर नेट रन रेट के कारण कीवी टीम पहले स्थान पर है। अफगानिस्तान लगातार दो हार के साथ मुश्किल में है, जबकि यूएई और कनाडा को भी अभी तक जीत नसीब नहीं हुई है।
कुल मिलाकर, सुपर 8 की रेस अब बेहद कड़ी हो गई है। भारत और पाकिस्तान दोनों मजबूत स्थिति में हैं, लेकिन नेट रन रेट और आने वाले मुकाबले तय करेंगे कि आखिर कौन टॉप पर रहते हुए अगले दौर में कदम रखता है।
Also Read: कोलंबो में ऐसी रहेगी पिच, जहां होगा भारत-पाकिस्तान मैच, जानें बल्लेबाज या गेंदबाज किसे मिलेगी मदद
