South Africa Bests Afghanistan in Super Over: अहमदाबाद के मैदान पर साउथ अफ्रीका और अफगानिस्तान के बीच खेला गया मुकाबला टी20 वर्ल्ड कप 2026 के इतिहास में दर्ज हो गया। मैच इतना रोमांचक रहा कि न सिर्फ मुकाबला टाई हुआ, बल्कि लगातार दो सुपर ओवर खेले गए। आखिरकार दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने बाजी मारते हुए अफगानिस्तान को शिकस्त दी।
South Africa Bests Afghanistan in Super Over: रोमांचक रहा मुकाबला
पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 6 विकेट खोकर 187 रन बनाए। जवाब में अफगानिस्तान ने भी जोरदार टक्कर दी और 20 ओवर में 187 रन ही बना सकी। स्कोर बराबर होते ही मैच सुपर ओवर में पहुंच गया और यहीं से रोमांच अपने चरम पर पहुंचा।
पहले सुपर ओवर में अफगानिस्तान ने 17 रन बनाए। जवाब में साउथ अफ्रीका भी 17 रन ही बना सकी। नतीजा: एक और टाई। इसके साथ ही मुकाबला दूसरे सुपर ओवर में चला गया और यह टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का पहला मैच बन गया जिसमें दो सुपर ओवर खेले गए।
दूसरे सुपर ओवर में साउथ अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 23 रन ठोक दिए। अब अफगानिस्तान को जीत के लिए 24 रन चाहिए थे। आखिरी गेंद पर 5 रन की दरकार थी, लेकिन रहमानुल्लाह गुरबाज आउट हो गए और साउथ अफ्रीका ने यह ऐतिहासिक मुकाबला अपने नाम कर लिया।
गुरबाज ने मचाया धमाल
अफगानिस्तान की ओर से रहमानुल्लाह गुरबाज ने तूफानी पारी खेली। उन्होंने 42 गेंदों में 84 रन बनाए, जिसमें 7 छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 200 का रहा। उनके अलावा राशिद खान और अजमतुल्लाह ने भी अहम योगदान दिया। अफगान टीम निर्धारित 20 ओवर पूरे होने से दो गेंद पहले ऑलआउट हो गई, लेकिन तब तक स्कोर बराबर कर चुकी थी।
साउथ अफ्रीका की पारी में क्विंटन डिकॉक और रायन रिकल्टन ने शानदार बल्लेबाजी की। डिकॉक ने 41 गेंदों में 59 रन बनाए, जबकि रिकल्टन ने 28 गेंदों में 61 रन जड़ते हुए 217 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। इन दोनों की पारियों ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, जो अंत में जीत की बुनियाद साबित हुआ।
यह मुकाबला लंबे समय तक फैंस के जेहन में रहेगा, क्योंकि एक ही मैच में दो सुपर ओवर देखने का मौका क्रिकेट प्रेमियों को शायद ही फिर जल्द मिले।
Also Read: 24 घंटों में निकल गई सारी हेकड़ी, श्रीलंकाई खिलाड़ी ने बदला अपना बयान
