SA20 Season 4 launching: साउथ अफ्रीका की प्रीमियर टी20 लीग SA20 का भारत में क्रेज पहले से ही काफी अच्छा है और यह समय के साथ बढ़ता ही जा रहा है। 26 दिसंबर 2025 से इस लीग का चौथा सीजन शुरू होने जा रहा है, जो 25 जनवरी तक खेला जाएगा। मगर इससे पहले मुंबई में ‘SA20 इंडिया डे 2025’ मनाया गया, जिससे दोनों देशों के बीच क्रिकेट क्रेज के बढ़ते रिश्ते की नया आयाम मिला। यह आयोजन न सिर्फ लीग की भारतीय फैनबेस को समर्पित था, बल्कि इसके साथ ही नए सीजन को भी लांच किया गया।
मुंबई के म्यूज़ियम ऑफ़ सॉल्यूशंस (MuSo) में हुए इस समारोह में SA20 के कमिश्नर ग्रीम स्मिथ, दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज और स्टार खिलाड़ी फाफ डु प्लेसिस, डेविड मिलर, टॉम मूडी, हाशिम आमला और मार्क बाउचर मौजूद रहे। इसके अलावा ट्रिस्टन स्टब्स, एड्रियन बिरल और सौरव गांगुली (प्रिटोरिया कैपिटल्स के हेड कोच) ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए फैंस से जुड़कर सीज़न 4 के लिए अपना उत्साह दिखाया।
SA20 Season 4 launching: SA20 – भारत से बाहर सबसे बड़ी टी20 लीग
सिर्फ तीन सीज़न में SA20 ने खुद को भारत के बाहर दुनिया की सबसे लोकप्रिय टी20 लीग के रूप में स्थापित कर लिया है। इस लीग में केन विलियमसन, जो रूट, जोस बटलर, सुनील नरेन, आंद्रे रसेल और ट्रेंट बोल्ट जैसे सुपरस्टार्स के साथ-साथ साउथ अफ्रीका के नए खिलाड़ियों – डेवाल्ड ब्रेविस, ट्रिस्टन स्टब्स, क्वेना माफाका और रेयान रिकेलटन खेलते हुए नजर आए।
सीज़न 3 की उपलब्धियाँ की बात करें तो सभी मैचों में सोल्ड मैचों की संख्या में 70% तक की वृद्धि देखने को मिली है। लगातार तीसरा फाइनल भी हाउसफुल रहा। इसके अलावा भारत, UK, USA और पूरे अफ्रीका में टीवी व्यूअरशिप 37% बढ़ी है।
कई दिग्गजों ने दिए बयान –
ग्रीम स्मिथ, लीग कमिश्नर, SA20 ने कहा: “भारत शुरुआत से ही SA20 की यात्रा का केंद्र रहा है। IPL-मालिक फ्रैंचाइज़ियों का सहयोग और JioStar के साथ हमारी साझेदारी बेहद महत्वपूर्ण रही है। भारतीय फैंस का जुनून और ऊर्जा हमें हर सीज़न प्रेरित करती है। उनकी इस मजबूत कनेक्शन ने लीग की वृद्धि में बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। जैसे ही हम सीज़न 4 में प्रवेश कर रहे हैं, हमारा लक्ष्य भारत और दक्षिण अफ्रीका के इस खूबसूरत रिश्ते को और मजबूत करना है, और ऐसा टूर्नामेंट देना है जो दोनों क्षेत्रों के दर्शकों के दिलों से जुड़ सके।”
फाफ डु प्लेसिस, कप्तान, जॉबर्ग सुपर किंग्स ने कहा: “एक खिलाड़ी के तौर पर हम SA20 को लेकर हर तरफ उत्साह महसूस करते हैं। सिर्फ़ दक्षिण अफ्रीका में नहीं, बल्कि भारत में भी। यह दुनिया की बेहतरीन टी20 लीग्स में से एक बन चुकी है। प्रतिस्पर्धी, मनोरंजक और बिल्कुल ग्लोबल। भारत में फैंस को हमारी टीमें फॉलो करते, मैच देखते और खिलाड़ियों से जुड़ते देखना बेहद खास एहसास देता है। इससे पता चलता है कि इस लीग ने कितने कम समय में कितनी बड़ी पहचान बना ली है।”
डेविड मिलर, बल्लेबाज, पार्ल रॉयल्स ने कहा: “SA20 आज ऐसी लीग बन गई है जिसे फैंस सच में अपनी लीग कहते हैं। चाहे आप केपटाउन हों, जोहांसबर्ग हों या मुंबई, हर जगह लोग अपनी-अपनी टीमों को सपोर्ट करते दिखते हैं, हाइलाइट्स शेयर करते हैं और खिलाड़ियों के साथ जुड़ते हैं। फैंस के साथ यह जुड़ाव लीग की सबसे बड़ी ताकत है। यही क्रिकेट को दो देशों के बीच एक सच्चे उत्सव में बदलता है।”
टॉम मूडी, ग्लोबल डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट, डरबन सुपर जायंट्स ने कहा: “SA20 अब ऐसी लीग बन चुकी है जो खिलाड़ियों, फैंस और फ्रैंचाइज़ीज़ को सीमाओं के पार जोड़ती है। हर सीज़न क्रिकेट की गुणवत्ता और फैंस का जुनून दोनों बढ़ते जा रहे हैं। SA20 की सबसे खास बात यह है कि यह दक्षिण अफ्रीका की घरेलू क्रिकेट भावना को वैश्विक क्रिकेट समुदाय से जोड़ती है और भारत से बढ़ता समर्थन इस कहानी में और ऊर्जा जोड़ रहा है।”
हाशिम अमला, हेड कोच, MI केपटाउन ने कहा: “रोमांच और फैनडम के अलावा, SA20 युवा खिलाड़ियों को सीखने, विकसित होने और उच्च स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का रास्ता बनाता है। यह मंच उन्हें असाधारण एक्सपोज़र देता है। आप साफ देख सकते हैं कि यह लीग दक्षिण अफ्रीका की अगली पीढ़ी के खिलाड़ियों को कैसे आकार दे रही है। SA20 जमीनी स्तर से लेकर विश्वस्तरीय मंच तक का असली पुल बन चुका है।”
मार्क बाउचर, दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज ने कहा: “भारतीय और दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेट के बीच हमेशा एक खास रिश्ता रहा है सम्मान, प्रतिस्पर्धा और खेल के प्रति गहरी मोहब्बत का। SA20 उसी भावना को आगे बढ़ाते हुए दोनों संस्कृतियों को एक खूबसूरत धागे में पिरो रहा है।”
दमदार प्रोमो भी किया रिलीज़
‘इंडिया डे’ पर जियोस्टार ने सीज़न 4 का हाई-एनर्जी प्रोमो लॉन्च किया, जिसने SA20 के थ्रिल और फैंस की जुनूनी एनर्जी को बेहतरीन तरह से दर्शाया।
कार्यक्रम के दौरान कंटेंट क्रिएटर्स और सुपरफैंस को खास SA20 मर्चेंडाइज भी गिफ्ट किये गए। अब जल्द ही शुरू होने वाले इस नए सीजन में फैंस को खिलाड़ियों से भरपूर मनोरंजन की उम्मीद है।
