युवा श्रीलंकाई क्रिकेटर ने एक ओवर में लगाए सात छक्के

By Desk Team

Published on:

कोलंबो: श्रीलंका के युवा क्रिकेटर नविनडू पहासारा ने एक ओवर में सात छक्के लगाकर इतिहास रच दिया है और वह क्रिकेट के सभी प्रारूपों में यह कारनामा करने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गये हैं। मुरली गुडनैस कप अंडर-15 क्रिकेट टूर्नामेंट के पहले संस्करण में यह कारनामा देखने को मिला। श्रीलंका के महान क्रिकेटर और सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज मुथैया मुरलीधरन के सामने नविनडू ने यह उपलब्धि अपने नाम की। नविनडू फॉग क्रिकेट अकादमी की ओर से खेल रहे थे और उन्होंने धर्मपाला कोटावा के खिलाफ 89 गेंदों की पारी में 109 रन बनाये। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे युवा खिलाड़ी ने एक ओवर में सात छक्के लगाकर सभी को हैरान कर दिया।

उनके ओवर में इतिहास बनाने के लिये एक नो बॉल का योगदान भी अहम रहा। नविनडू की पारी से उनकी टीम ने 36 ओवर में सात विकेट पर 283 रन बनाये। ग्राउंड में मौजूद मुरलीधरन भी उनकी यह पारी देखकर हैरान रह गये। इसी के साथ अंडर-15 टीम के इस खिलाड़ी ने रिकार्डबुक में अपना नाम दर्ज करा लिया और दुनिया के पहले खिलाड़ी बन गये जिसने एक ओवर में सात छक्के जड़े हों। क्रिकेट इतिहास में दक्षिण अफ्रीका के हर्शल गिब्स ने पहली बार वर्ष 2007 में हॉलैंड के खिलाफ विश्वकप में एक ओवर में छह छक्के लगाने की उपलब्धि दर्ज की थी।

अन्य विशेष खबरों के लिए पढ़िये पंजाब केसरी की अन्य रिपोर्ट।

Exit mobile version