
आईपीएल 2025 में ट्रॉफी जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टीम के तेज़ गेंदबाज़ यश दयाल इस वक्त एक अलग कंट्रोवर्सी में फंसे हुए हैं। दरअसल सबकुछ उस समय शुरू हुआ जब गाजियाबाद के इंदिरापुरम में रहने वाली एक युवती ने यश दयाल पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया। इस आरोप के बाद 7 जुलाई को लड़की की शिकायत पर यश दयाल के खिलाफ FIR दर्ज की गई, जिसने पूरे क्रिकेट जगत और सोशल मीडिया को चौंका दिया। लड़की ने दावा किया कि वह लंबे समय से यश दयाल को जानती थी और उनका रिश्ता सिर्फ ऑनलाइन नहीं बल्कि पारिवारिक स्तर तक जा पहुंचा था।
लड़की का कहना था कि यश ने उससे विवाह का वादा किया और इस भरोसे के चलते वह उनके साथ नज़दीकी रिश्ते में आ गई। उसने आरोप लगाया कि यश ने उसका भावनात्मक और शारीरिक शोषण किया और अब शादी से साफ इनकार कर दिया। इतना ही नहीं, लड़की का यह भी दावा था कि वह यश के परिवार से कई बार मिल चुकी है और उसे उनके घरवालों ने भी अपनाया था। FIR दर्ज होने के बाद मामले ने तूल पकड़ा और यश दयाल की छवि पर सवाल उठने लगे। लेकिन अब एक नया मोड़ आया है जब यश दयाल ने खुद सामने आकर अपनी चुप्पी तोड़ी और उस लड़की पर गंभीर आरोप लगाए।
यश दयाल ने प्रयागराज के खुल्दाबाद पुलिस स्टेशन में तीन पन्नों की शिकायत दी है, जिसमें उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि जो लड़की उन पर आरोप लगा रही है, वही असल में उन्हें मानसिक और आर्थिक रूप से नुकसान पहुंचा रही है। यश ने बताया कि उनकी इस लड़की से पहली बार बातचीत 2021 में इंस्टाग्राम के ज़रिए हुई थी। वहां से उनकी बातचीत धीरे-धीरे आगे बढ़ी, और एक दोस्ती का रिश्ता बना। लेकिन यश का दावा है कि लड़की ने इस रिश्ते का फायदा उठाते हुए कई बार उनसे पैसे की मांग की। उसने कभी अपने इलाज, तो कभी अपने परिजनों की तबीयत का हवाला देकर यश से लाखों रुपये लिए। हर बार उसने भरोसा दिलाया कि वो पैसे लौटा देगी, लेकिन आज तक एक भी पैसा वापस नहीं किया। इतना ही नहीं, यश ने लड़की पर आईफोन और लैपटॉप चोरी करने का भी आरोप लगाया है। उनका कहना है कि जब वह लड़की प्रयागराज में उनके घर आई थी, तब वह ये कीमती सामान चुपचाप लेकर चली गई।