LIVE IPL-11: मुंबई इंडियंस ने दिल्ली को दिया 195 रनों का लक्ष्य

By Desk Team

Published on:

मुंबई इंडियंस और दिल्ली डेयरडेविल्स के बीच आईपीएल मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है. टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 7 विकेट गंवा कर 194 रन बनाए और दिल्ली डेयरडेविल्स को जीत के लिए 195 रनों का टारगेट दिया। मुंबई इंडियंस की तरफ से सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 32 गेंदों में 53 रन की पारी खेली।

एविन लुईस के रूप में मुंबई इंडियंस को पहला झटका लगा। आउट होने से पहले उन्होंने 28 गेंदों में 48 रन बनाए थे। लुईस को जेसन रॉय ने राहुल तेवतिया की गेंद पर कैच आउट कर पवेलियन भेज दिया। लुईस के बाद मुंबई इंडियंस को दूसरा झटका 11वें ओवर में लगा जब राहुल तेवतिया ने सूर्य कुमार यादव को एलबीडब्ल्यू कर दिया।

सूर्य कुमार यादव 32 गेंदों में 53 रन बनाकर आउट हुए। लुईस ने सूर्य कुमार यादव के साथ मिलकर पहले विकेट के लिए 9 ओवर में 102 रनों की तूफानी पार्टनरशिप की थी। 16वें ओवर में मुंबई इंडियंस को डेनियल क्रिश्चियन ने लगातार दो गेंदों पर दो झटके दिए।

क्रिश्चियन ने ईशान किशन और पोलार्ड दोनों को अपनी लगातार दो गेंदों पर क्लीन बोल्ड कर मुंबई का तीसरा और चौथा विकेट गिराया। ईशान 23 गेंदों में 44 रन बनाकर आउट हुए जबकि पोलार्ड बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। 18वें ओवर में कप्तान रोहित शर्मा के रूप में मुंबई को पांचवां झटका लगा, जब उन्हें ट्रेंट बोल्ट ने जेसन रॉय के हाथों कैच आउट करा दिया।

गंभीर ने टॉस जीतकर मुंबई को दी पहले बैटिंग

इससे पहले दिल्ली के कप्तान गौतम गंभीर ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया और मुंबई इंडियंस को बल्लेबाजी का न्योता दिया. दिल्ली डेयरडेविल्स और मुंबई इंडियंस ने अपनी प्लेइंग इलेवन में दो-दो बदलाव किए हैं। दिल्ली ने जेसन रॉय और डेनियल क्रिश्चियन को कॉलिन मनरो और क्रिस मॉरिस की जगह मौका दिया है। वहीं, मुंबई इंडियंस ने अकिला धनंजय को डेब्यू का मौका दिया है। वह बेन कटिंग की जगह लेंगे। हार्दिक पंड्या वापस आए हैं।

रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई को पहले दो मैचों में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद से जबकि गौतम गंभीर की कप्तानी वाली दिल्ली को राजस्थान राॅयल्स और किंग्स इलेवन पंजाब से हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में दोनों टीमें अपनी पहली जीत की तलाश में हैं।

मुंबई इंडियंस

कप्तान रोहित का बल्ला अभी तक नहीं चला है. एविन लुईस, कीरोन पोलार्ड और सूर्यकुमार यादव भी दोनों मुकाबले में असफल रहे हैं। आॅलराउंडर खिलाड़ी हार्दिक पंड्या की गैरमौजूदगी में मुंबई पहले दो मैचों में संतोषजनक प्रदर्शन नहीं कर पाई।गेंदबाजी में लेग स्पिनर मयंक मार्कंडेय ने हैदराबाद के खिलाफ चार विकेट झटके थे और वह अब तक सात विकेट हासिल कर चुके हैं। मुंबई चाहेगी कि मार्कंडेय को तेज गेंदबाज मुस्ताफिजुर रहमान, जसप्रीत बुमराह, प्रदीप सांगवान और क्रुणाल पंड्या से सपोर्ट मिले।

दिल्ली डेयरडेविल्स

दिल्ली डेयरडेविल्स का भी मुंबई जैसा ही हाल है। कप्तान गंभीर ने पहले मैच में जरूर अर्धशतक लगाया था, लेकिन अन्य बल्लेबाज नहीं चले हैं। दिल्ली में गंभीर के अलावा ऋषभ पंत, ग्लेन मैक्सवेल, जेसन राॅय और काॅलिन मुनरो के रूप विस्फोटक बल्लेबाज हैं, लेकिन अभी तक इनके बल्ले से रन नहीं निकला है।
गेंदबाजी में भी दिल्ली का प्रदर्शन अब तक अच्छा नहीं रहा है। दिल्ली को अपनी पहली जीत दर्ज करने के लिए एकजुट होकर खेलना होगा और अमित मिश्रा को अहम भूमिका निभानी होगी।

प्लेइंग इलेवन

दिल्ली डेयरडेविल्स- जेसन रॉय, गौतम गंभीर, श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, ग्लेन मैक्सवेल, विजय शंकर, डेनियल क्रिश्चियन, राहुल तेवतिया, शाहबाज नदीम, मोहम्मद शमी, ट्रेंट बोल्ट।

मुंबई इंडियंस- रोहित शर्मा (कप्तान), एविन लुईस, ईशान किशन, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, क्रुणाल पंड्या, कीरोन पोलार्ड, मयंक मार्केंडय, जसप्रीत बुमराह, मुस्ताफिजुर रहमान, अकिला धनंजय।