IPL 2018 नीलामी : जानिए किस टीम का क्या है बजट, क्या है नीलामी के नियम

By Desk Team

Published on:

आईपीएल सीजन-11 के अंतर्गत 27-28 जनवरी को होने वाली नीलामी के लिए सभी फ्रेंचाइजी अपनी कमर कस चुकी हैं। नामी खिलाड़ी पहले ही रिटेन किए जा चुके हैं।

हालांकि अब भी कई दिग्गज क्रिकेटर शेष रह गए हैं। इस नीलामी में इंग्लैंड के 26 खिलाड़ी, ऑस्ट्रेलिया के 58, न्यूजीलैंड के 30 और दक्षिण अफ्रीका के 57 खिलाड़ियों ने आईपीएल नीलामी के लिए खुद को पंजीकृत कराया है। इनके अलावा अफगानिस्तान के 13 खिलाड़ी, जबकि श्रीलंका और वेस्टइंडीज के 39-39 खिलाड़ी शामिल होंगे। वहीं बांग्लादेश और जिम्बाब्वे के आठ और सात खिलाड़ी नीलामी में हिस्सा लेंगे।

इस नीलामी में अधिकतम 182 क्रिकेटरों को खरीदा जाना है, जिसके लिए फ्रेंचा‍इजियों के पास कुल 443 करोड़ रुपए उपलब्ध है। 36 खिलाड़‍ियों ने अपना बेस प्राइस 2 करोड़ रुपए रखा है। इस नीलामी में 578 खिलाड़ी शामिल होंगे। इनमें 244 कैप्ड (66 भारतीय) और 332 अनकैप्ड (34 विदेशी) और एसोसिएट देशों के 2 खिलाड़ी होंगे।

इस बार की नीलामी इस मायने में खास होगी कि क्रिकेटरों को खरीदने के लिए टीमों का बजट बढ़ा दिया गया है। टीमों के पास 80-80 करोड़ रुपए थे। जिनमें से उन्हें कम से कम 75 प्रतिशत खर्च करने होंगे। इसी राशि में से टीमों ने कुछ खिलाड़‍ियों को रिटेन किया था।

हर फ्रेंचाइजी अपनी टीम में कम से कम 18 और अधिकतम 25 खिलाड़ी रख सकती हैं। चूंकि टीमें पहले ही 18 खिलाड़‍ियों को रिटेन कर चुकी हैं, इसलिए नीलामी में अधिकतम 182 खिलाड़‍ियों को खरीदा जाएगा। हर टीम अधिकतम 8 विदेशी खिलाड़ी ही अपनी टीम में शामिल कर सकती हैं।

नीलामी में सबसे पहले मर्की खिलाड़‍ियों की बोली लगेगी, इनमें 18 क्रिकेटरों को 8-8 के दो समूह में बांटा गया है। रविचंद्रन अश्विन, क्रिस गेल, किरोन पोलार्ड, मिचेल स्टार्क और बेन स्टोक्स जैसे खिलाड़ी पहले ग्रुप में हैं, जबकि दूसरे ग्रुप में ड्‍वेन ब्रावो, शाकिब अल हसन, ग्लेन मैक्सवेल, जो रूट, युवराज सिंह और केन विलियम्सन जैसे खिलाड़ी होंगे।

नीलामी में 170 खिलाड़‍ियों को पेश किए जाने के बाद ‘एक्सलेरेटेड प्रोसेस’ शुरू की जाएगी। इसके तहत फ्रेंचाइजियों से शेष बचे क्रिकेटरों में से अपनी पसंद के खिलाड़‍ियों के नाम चुनने को कहा जाएगा। इन क्रिकेटरों की अगले दिन नीलामी होगी। इसके बाद टीमों से पूरे खिलाड़‍ियों में से चुनिंदा खिलाड़‍ियों के नाम मांगे जाएंगे। टीमों की पसंद को ध्यान में रखकर बिना बिके खिलाड़‍ियों को फिर एक बार नीलामी में शामिल किया जाएगा। वैसे यदि 170 खिलाड़‍ियों की नीलामी जल्दी हो गई तो इस पूरी प्रक्रिया को एक दिन में भी किया जा सकता है।

टीम बजट:

कोलकाता नाइट राइडर्स: 59 करोड़

सनराइजर्स हैदराबाद: 59 करोड़

रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर: 49 करोड़

चेन्नई सुपरकिंग्स: 47 करोड़

दिल्ली डेयरडेविल्स: 47 करोड़

मुंबई इंडियंस: 47 करोड़

राजस्थान रॉयल्स: 67.5 करोड़

किंग्स इलेवन पंजाब: 67.5 करोड़

24X7 नई खबरों से अवगत रहने के लिए क्लिक करे।

Exit mobile version