Cooper Connolly Cricket Kesari: आईपीएल 2026 कूपर कोनोली के लिए अबतक शानदार गुजरा है. ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी के बल्ले से कुछ शानदार पारियां देखने को मिली हैं. वो भी पारी की शुरुआत करते हुए. अमूमन कूपर मिडिल ऑर्डर में बैटिंग करने आते हैं. लेकिन पंजाब के लिए वो टॉप ऑर्डर में बल्लेबाजी कर रहे हैं. अपने रोल में आए बदलाव को लेकर उनका क्या सोचना है, पंजाब केसरी व क्रिकेट केसरी के साथ बातचीत में उन्होंने ये बताया.
Cooper Connolly Cricket Kesari: मुझे कहीं पर भी खिला लो

पंजाब किंग्स के लिए इंडियन प्रीमियर लीग का 19वां सीजन कमाल का गुजरा है. इसका काफी हद तक श्रेय टीम के धाकड़ बैटर कूपर कोनोली को भी जाता है. पहले दो मैचों में कोनोली के बल्ले से दो बेहतरीन पारियां देखने को मिली हैं. वो भी नंबर-3 पर बैटिंग करते हुए. ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर यूं तो मध्यक्रम के बल्लेबाज माने जाते हैं. उन्होंने अपने करियर में ज्यादातर क्रिकेट नंबर-5, नंबर-6 पर खेली है. ऐसे में उनके लिए ये बिल्कुल नया अनुभव है.
हालांकि कोनोली किसी भी चैलेंज के लिए तैयार हैं. उन्हें बस खेलने से मतलब है. ये बात उन्होंने पंजाब केसरी व क्रिकेट केसरी से बातचीत करते हुए कही. बीते दिन जियो हॉटस्टार प्रेस रूम में बातचीत के दौरान पंजाब के खिलाड़ी ने कहा,

“मुझे कोई समस्या नहीं है. मैंने खुद इसकी मांग की थी. मैंने कुछ समय नंबर-3 पर बिताया है और मुझे थोड़ा अनुभव है. मुझे बस टीम में खेलने से मतलब है. चाहे वो टॉप ऑर्डर में हो या मिडिल ऑर्डर में. मैं बस एक प्लेयर के तौर पर यहां खेलने आया हूं. टॉप ऑर्डर में बैटिंग करना मुझे पसंद आ रहा है, खासकर आईपीएल में.”
आईपीएल 2026 में शानदार रहा है उनका प्रदर्शन

कूपर कोनोली के आईपीएल 2026 में परफॉर्मेंस पर नजर डालें तो पहले मैच में उन्होंने नाबाद 72 रनों की पारी खेली थी. गुजरात टाइटंस के खिलाफ उन्होंने 44 गेंदों का सामना करके 5 चौके व इतने ही छक्के लगाए थे. इस पारी की बदौलत पंजाब ने शानदार जीत हासिल की थी.
अगला मैच पंजाब किंग्स का चेन्नई सुपर किंग्स के साथ हुआ था. यहां श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली टीम 210 रनों का विशाल स्कोर चेज कर रही थी. कूपर ने तीसरे नंबर पर आकर 22 बॉल पर ताबड़तोड़ 36 रन जड़ दिए. ये मुकाबला पंजाब किंग्स के नाम रहा. 3 मैचों की 2 पारियों में कोनोली के नाम 108 रन दर्ज है.
Read More: IPL 2026: DC या KKR के खिलाफ नहीं खेलेंगे MS Dhoni, कमबैक मैच का हुआ खुलासा






