Ahmed Shehzad On India WC Win: भारत ने जैसे ही टी20 वर्ल्ड कप 2026 का कप उठाया वैसे ही पाकिस्तान के क्रिकेट जगत के पीछे से धुंआ उठना शुरू हो गया. टीम इंडिया ने अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में न्यूजीलैंड को बड़ी आसानी से हराकर तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम कर लिया है. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 255 रन बोर्ड पर लगा दिए थे. लेकिन इस लक्ष्य का पीछा करते करते न्यूजीलैंड हालत ऐसी खराब हुई कि वो सिर्फ 159 रन पर ही सिमट गई और इस दौरान भारत ने पूरा मैच एक तरफा कर दिया.
हालांकि इस जीत के बाद पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर अहमद शहजाद ने अपनी ही टीम के सिस्टम पर सवाल उठाते हुए ऐसी चीजे पूछी, जो कि कई मायनों में काफी क्रीटीसाइजिंग थी. उन्होंने कहा कि भारत की सफलता के पीछे सिर्फ हौसला ही नहीं, बल्कि एक मजबूत क्रिकेट प्लानिंग भी है, जबकि पाकिस्तान में सबसे बड़ी कमी इसी सिस्टम की है.
भारत के सिस्टम की शहजाद ने की तारीफ

एक पाकिस्तानी टीवी शो में बातचीत के दौरान अहमद शहजाद ने कहा कि भारत में लगातार नए खिलाड़ी सामने आ रहे हैं क्योंकि वहां घरेलू क्रिकेट और सेलेक्शन प्रसिजर काफी मजबूत है. उन्होंने एक्ज़ाम्पल देते हुए कहा कि संजू सैमसन और ईशान किशन जैसे खिलाड़ियों को ज्यादा मौके नहीं मिले थे, लेकिन जब मौका मिला तो उन्होंने वर्ल्ड कप जैसे बड़े मंच पर मैच जिताऊ प्रदर्शन किया है.
शहजाद ने कहा कि संजू सैमसन पूरे टूर्नामेंट में शानदार बल्लेबाजी करते हुए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने है. वहीं ईशान किशन भी घरेलू क्रिकेट में प्रदर्शन के दम पर टीम में आए और महत्वपूर्ण योगदान दिया. उन्होंने फाइनल में अभिषेक शर्मा की तेज पारी का भी जिक्र किया और कहा कि बड़े मैच में दबाव के बावजूद उन्होंने 21 गेंदों में 52 रन बनाकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया था.
पाकिस्तान के सिस्टम पर उठाए सवाल

इसके बाद अपनी ही टीम को धोते हुए अहमद शहजाद ने कहा कि पाकिस्तान में खिलाड़ी बड़े मुकाबलों के लिए उसी तरह तैयार नहीं किए जाते जैसे भारत में होते हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि पाकिस्तान अक्सर जिम्बाब्वे, केन्या या युगांडा जैसी टीमों को हराकर खुश हो जाता है, जबकि भारत लगातार मजबूत टीमों के खिलाफ बड़े मुकाबले खेलता है.
स्कोर को लेकर भी किया बड़ा बयान

शहजाद का मानना है कि भारत और पाकिस्तान की सोच में भी बहुत बड़ा अंतर है. उन्होंने कहा कि भारत की टीम 250 से ज्यादा रन बनाने की सोच के साथ मैदान में उतरती है, जबकि पाकिस्तान की टीम अक्सर 170 या 180 रन बनाकर गेंदबाजों पर मैच बचाने की जिम्मेदारी छोड़ देती है. शायद यही कारण होता है कि दोनों टीमों के प्रदर्शन में इतना बड़ा अंतर देखने को मिलता है.
अलग रैंकिंग की भी दी सलाह

अपने बयान के अंत में खुद की टीम को ट्रोल करते हुए शहजाद ने तंज भरे अंदाज में कहा कि अगर पाकिस्तान को इसी तरह खेलना है तो आईसीसी को उनके लिए अलग रैंकिंग बना देनी चाहिए, जिसमें जिम्बाब्वे, केन्या और युगांडा जैसी टीमें शामिल हों.







