क्या अब समय आ गया है धोनी के अलविदा कहने का? CSK के खराब सीज़न के बाद उठे सवाल

By Nishant Poonia

Published on:

आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स का प्रदर्शन निराशाजनक रहा, जिससे धोनी के भविष्य पर सवाल उठे। संजय बांगर ने धोनी को रिटायरमेंट की सलाह दी है, क्योंकि अब उनकी उम्र और फिटनेस पर ध्यान देने का समय है। हालांकि, धोनी ने अभी तक रिटायरमेंट पर कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

आईपीएल 2025 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) का प्रदर्शन फैंस के लिए बड़ा झटका रहा। इस बार टीम ने 13 मैचों में से सिर्फ 3 जीते और पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही। रुतुराज गायकवाड़ की चोट के चलते एमएस धोनी को फिर से कप्तानी सौंपी गई, लेकिन टीम को संभालने में वो भी नाकाम रहे।

नीलामी के दौरान टीम से कुछ गलत फैसले हुए और पूरे सीज़न में प्लेइंग इलेवन भी जम नहीं पाई। शुरुआत में रुतुराज की कप्तानी ने थोड़ी उम्मीद जगाई थी, लेकिन चोट लगते ही फिर से सब कुछ धोनी के कंधों पर आ गया। फैंस को भरोसा था कि ‘थाला’ टीम को संभाल लेंगे, लेकिन इस बार किस्मत साथ नहीं थी।

IPL 2025: वैभव सूर्यवंशी की धमाकेदार पारी से राजस्थान ने चेन्नई को हराकर सीजन का शानदार अंत कियाएमएस धोनी 2

इसी बीच टीम इंडिया के पूर्व कोच और क्रिकेट एक्सपर्ट संजय बांगर ने धोनी को IPL से रिटायर होने की सलाह दी है। ESPNcricinfo से बातचीत में बांगर ने कहा, “धोनी ने टीम के लिए सब कुछ किया है। लेकिन अब उनकी उम्र और फिटनेस को देखते हुए ये सही समय है कि वो शांति से खेल को अलविदा कहें। अगर वो सोचते हैं कि उनकी मौजूदगी में टीम का ट्रांजिशन जल्दी होगा, तो ऐसा जरूरी नहीं है। टीम को अब खुद आगे बढ़ने देना चाहिए।”

धोनी की कप्तानी में CSK ने पिछले कुछ सालों में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। 2020, 2022, 2024 और 2025 में टीम प्लेऑफ तक नहीं पहुंच पाई, लेकिन 2021 और 2023 में खिताब भी जीता। यही वजह है कि टीम और फैंस आज भी धोनी पर भरोसा करते हैं।

चेन्नई सुपर किंग्स

हालांकि, अब तक धोनी ने रिटायरमेंट को लेकर कुछ भी ऑफिशियली नहीं कहा है। कुछ रिपोर्ट्स के मुताबिक, वो अगला सीजन भी खेल सकते हैं। लेकिन ये देखना दिलचस्प होगा कि क्या धोनी एक और सीज़न के लिए खुद को तैयार करते हैं या इस बार सच में ‘शांति से हटने’ का फैसला लेते हैं।